0


नई दिल्ली। ललित मोदी प्रकरण में राजस्थान की सीएम वसुंधरा राजे के इस्तीफे की मांग कर रही कांग्रेस ने भाजपा का स्पष्टीकरण खारिज कर दिया। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नए दस्तावेज जारी कर दावा किया, राजे परिवार व ललित मोदी में आपराधिक सांठगांठ है। रमेश ने ऎलान किया, कांग्रेस अपने खुलासे तब तक बंद नहीं करेगी, जब तक भाजपा द्वारा ललित मोदी प्रकरण में राजे को बर्खास्त कर मामले को खत्म नहीं कर दिया जाता। उन्होंने कुछ और कागजात जारी किए, इसमें वर्ष 1949 का दस्तावेज भी है।

इस दस्तावेज में दर्शाया गया है कि धौलपुर पैलेस राजस्थान सरकार की संपत्ति है। रमेश ने लगातार दूसरे दिन राजे पर ललित मोदी के साथ निजी कंपनी के जरिये धौलपुर महल पर जबरन अवैध कब्जे का आरोप लगाया। कहा, राजे-ललित ने मिलकर सरकारी संपत्ति धौलपुर महल को लग्जरी होटल में बदला। दोनों की कंपनी इसे चला रही है। महल को लग्जरी होटल में बदलने के लिए 100 करोड़ रूपए का निवेश किया गया। यह पैसा मॉरीशस से आया। रमेश बोले, हम विदेश मंत्री सुषमा के मामले को भी नहीं भूले हैं, जिन्होंने ललित मोदी को यात्रा दस्तावेज में मदद की थी। उनके बारे में अभी और खुलासे होने हैं। राजे के अलग रह रहे पति हेमंत सिंह और पुत्र दुष्यंत के बीच सिर्फ चल संपत्ति का समझौता था। हमारे द्वारा दस्तावेज पेश करने के बावजूद भाजपा कमजोर तर्को के साथ दुष्यंत के साथ संपत्ति के स्वामित्व को उचित बताने की कोशिश कर रही है।

Post a Comment

 
Top